पटना:
पटना में राष्ट्रीय खेल दिवस (National Sports Day) के अवसर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है। सोमवार को हुए खेल सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Deputy CM Tejashwi Yadav) शामिल हुए। उन्होंने इस दौरान कहा कि वह भी कभी स्पोर्ट्समैन हुआ करते थे। उस दौरान वह फिट भी थे, लेकिन शादी के बाद वे मोटे हो गए हैं। तेजस्वी रचेल उर्फ राजश्री (Rajshree) के संग वैवाहिक बंधन में बंधे हैं। बिहार राज्य खेल सम्मादन समारोह के मौके पर प्रदेश सरकार की ओर से 211 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

पूरी कोशिश करूंगा कि बिहार के खिलाड़ियों को पूरा मौका मिले
उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा कि अब जब वह सरकार में हैं तो उनका प्रयास है कि बिहार में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का पूरा मौका मिले और उन्हें आगे बढ़ने का पूरा अवसर भी मिले। इसके लिए वो पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा कि मैं विराट कोहली के साथ खेला हूं। अंडर 13 अंडर 15 अंडर 17 अंडर 19 और कई रणजी मुकाबले भी खेले है। दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए भी खेला है। हालांकि, लिगामेंट इंजरी होने के कारण आगे नहीं खेल पाए। आज भारतीय क्रिकेट टीम में जितने भी खिलाड़ी खेल रहे हैं सब उनके बैचमेट हैं या तो उनके जूनियर हैं। लेकिन मलाल इस बात है कि बिहार से कभी नहीं खेला दिल्ली से खेला, लोग पूछते भी थे आप बिहार के हैं लेकिन वहां से नहीं खेलते। अब मेरी पूरी कोशिश है कि खिलाड़ियों को पूरा मौका मिले और बिहार से खेल के यहां के खिलाड़ी बिहार का नाम रोशन करें।
खिलाड़ियों के बीच आकर खुशी मिली
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार खेल प्राधिकरण का नारा है 'खेल रहा है बिहार जीत रहा है बिहार' उन्होंने भी 2024 के लिए नारा दिया है करे के बा.. लड़े के बा... जीते के बा..। डिप्टी सीएम ने खिलाड़ियों से कहा कि आप लोग खेल में जीत या हार की मत सोचिये। एकदम खुले दिमाग से खेलिए और अपना बेस्ट देने की कोशिश कीजिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के बीच आकर उन्हें बहुत खुशी मिल रही है। वह खुद भी खिलाड़ी रहे हैं। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की भरपूर हौसला अफजाई की।

खिलाड़ियों और प्रशिक्षक को किया सम्मानित
हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद के सम्मान में प्रत्येक साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। बिहार के 211 खिलाड़ियों के साथ ही 6 प्रशिक्षकों को भी उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने 1-1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देकर उन्हें सम्मांनित किया। टोक्यो पारालंपिक 2020 में पारा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत ने स्वर्ण पदक जीता था। उन्हें 1 करोड़ रुपये बतौर नगद पुरस्कार दिया गया। टोक्यो पारालंपिक 2020 में ही पुरुष ऊंची कूद में कांस्य पदक जीतने वाले शरद कुमार को 50 लाख और कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (बर्मिंघम) में मेंस फॉर इवेंट के उपविजेता चंदन कुमार को 20 लाख का नकद पुरस्कार दिया गया।